गुवा सेल खदान में भारी शोवेल मशीन दुर्घटनाग्रस्त, ऑपरेटर बाल-बाल बचा; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
दी बीबीएन पोस्ट (डेस्क) बड़बिल [ रिपोर्ट: संजय सिन्हा ] - ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्र झारखंड के गुवा स्थित सेल (SAIL) संचालित लौह अयस्क खदान में गुरुवार, 19 नवंबर की दोपहर एक बेहद खतरनाक दुर्घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खदान में कार्य करने के दौरान एक भारी शोवेल मशीन (उत्खनन यंत्र) अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस भीषण हादसे में मशीन को चला रहे ऑपरेटर की जान संयोगवश बाल-बाल बच गई, लेकिन इस दुर्घटना में मशीन को करोड़ों रुपये का भारी नुकसान पहुंचा है।
इस बड़ी घटना के बाद खदान की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। खदान श्रमिक संगठनों में इस हादसे को लेकर भारी आक्रोश व्यक्त किया जा रहा है। श्रमिक नेताओं ने आरोप लगाया है कि लगातार बढ़ते उत्पादन दबाव के चलते मशीनों का उचित रखरखाव और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे श्रमिकों की जान खतरे में पड़ रही है। श्रमिक नेताओं ने इस गंभीर मामले में उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। THE BBN POST यह सवाल उठाता है कि जब खनन कंपनियां करोड़ों का मुनाफा कमा रही हैं, तब उनके कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए बुनियादी नियमों का पालन क्यों नहीं किया जा रहा है?
THE BBN POST – Hunt Fearlessly. Strike Mercilessly.

