गुवा गोलीकांड के शहीदों को सांसद जोबा माझी व विधायक जगत माझी ने दी श्रद्धांजलि, शहीदों के संघर्ष और कुर्बानी के उद्देश्य को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
बड़बिल, 8 सितंबर: गुवा गोलीकांड के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए हर वर्ष की भाँति मंगलवार को सारंडा के सलाई एवं गोइलकेरा के डेरवाँ चौक स्थित शहीद वेदी पर एक भव्य श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें सिंहभूम की सांसद जोबा माझी एवं मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने विधिवत नारियल फोड़कर पूजा-अर्चना की और शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सांसद जोबा माझी ने कहा कि शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ उनके संघर्ष और कुर्बानी के उद्देश्य को याद करना भी उतना ही आवश्यक है, और जिन हक और अधिकारों के लिए हमारे लोगों ने आंदोलन किया और अपनी कुर्बानी दी, उस लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए सभी को एकजुट होकर संकल्प लेना होगा, क्योंकि जल, जंगल और जमीन की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सांसद ने समाज के सभी समुदायों से आपसी एकता और भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि एकजुट होकर ही अपने अधिकारों और क्षेत्र के हितों की रक्षा की जा सकती है, वहीं विधायक जगत माझी ने कहा कि जल, जंगल और जमीन से हमारा अस्तित्व है और इसकी रक्षा करना हमारा धर्म है, तथा यहाँ निवास करने वाले लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करना और जल, जंगल, जमीन पर अधिकार दिलाना ही हमारा कर्तव्य है। इस अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिन्होंने शहीदों के बलिदान को नमन किया और उनके सपनों को साकार करने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट: संजय सिन्हा
