जोड़ा ट्रक ओनर्स एसोसिएशन चुनाव परिणाम घोषित: चंपुआ विधायक सनातन महाकुड के समर्थित उम्मीदवारों की भारी जीत
Text Size:
दी बीबीएन पोस्ट (डेस्क) बड़बिल [ रिपोर्ट: संजय सिन्हा ] - जोड़ा क्षेत्र के सबसे पुराने और प्रभावशाली ट्रक ओनर्स एसोसिएशन (JTOA) का बहुप्रतीक्षित चुनाव परिणाम बीते सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को घोषित कर दिया गया। एसोसिएशन के पाँच प्रमुख पदों—अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, महासचिव और कोषाध्यक्ष—के लिए कड़े मुकाबले के बीच हुए इस चुनाव में चंपुआ विधायक सनातन महाकुड के समर्थित उम्मीदवारों ने पाँचों पदों पर जीत हासिल की। विजयी उम्मीदवारों में राजेश रोशन (अध्यक्ष), दीपक माहंतो (उपाध्यक्ष), रवि दास (सचिव), महेश सिंह (महासचिव) और गौतम बेहरा (कोषाध्यक्ष) शामिल हैं। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों को क्षेत्र के राजनेताओं, समाजसेवियों और ट्रक मालिकों ने बधाई दी। इस चुनाव परिणाम ने स्थानीय विधायक सनातन महाकुड की लोकप्रियता को एक बार फिर बरकरार रखा है।
Image Source: HANDOUT/JTOA
गौरतलब है कि जोड़ा ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के इस चुनाव से पूर्व एसोसिएशन के कामकाज में पारदर्शिता, खनिज परिवहन में ट्रक मालिकों को समान अवसर प्रदान करना और भ्रष्टाचार मुक्त एसोसिएशन के गठन जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई थी। इसके अलावा नामी-गिरामी खनन कंपनियों के ट्रक मालिकों के प्रति रवैये पर भी गंभीर चर्चा की गई थी। ट्रक मालिकों ने सर्वसम्मति से चुनाव संपन्न कराने पर जोर दिया था ताकि एसोसिएशन में एकता बनी रहे और आगामी दिनों में ट्रक मालिकों के हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा की जा सके। चुनाव परिणाम के बाद विजयी उम्मीदवारों ने अपनी जीत का श्रेय ट्रक मालिकों के विश्वास और विधायक सनातन महाकुड के मार्गदर्शन को दिया। नई कार्यकारी समिति के सामने अब मालभाड़ा दरों में बढ़ोतरी, टोल शुल्क में राहत, खनन कंपनियों के साथ समन्वय और बड़बिल-जोड़ा क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था को सुचारू बनाने जैसी चुनौतियाँ हैं। स्थानीय ट्रक मालिकों ने उम्मीद जताई है कि नई समिति उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान करेगी और एसोसिएशन को भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी और मजबूत बनाएगी।
THE BBN POST – Hunt Fearlessly. Strike Mercilessly.