विजय-2 लौह अयस्क खादान के पुनः आरंभ को लेकर झारखंड मजदूर यूनियन की बैठक, स्थानीय युवाओं को रोजगार और सीएसआर के तहत मूलभूत सुविधाएं देने की मांग
Text Size:
दी बीबीएन पोस्ट (डेस्क) बड़बिल [ रिपोर्ट: संजय सिन्हा ] - बड़बिल तहसील क्षेत्र से सटे झारखंड के सीमावर्ती नोवामुंडी प्रखंड के अंतर्गत बराईबुरु स्थित बंद पड़े टाटा स्टील संचालित विजय-2 लौह अयस्क खादान के पुनः आरंभ होने की खबर के बीच झारखंड मजदूर यूनियन (बराईबुरु इकाई) के तत्वावधान में तेतली घाटी गांव में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में तेतलीघाटी, छोटा नागरा, टाटिबा, बहदा, बाइहातु सहित आसपास के दर्जनों ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य खादान के पुनः शुरू होने पर स्थानीय समुदाय के हितों को सुनिश्चित करना और कंपनी प्रबंधन के सामने अपनी मांगों को मजबूती से रखना था।
बैठक में मजदूर नेताओं ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि खादान के पुनः आरंभ होने पर पूर्व में कार्यरत स्थानीय ग्रामीणों को प्राथमिकता के आधार पर पुनः रोजगार दिया जाएगा। साथ ही, खादान पर निर्भर अन्य जरूरतमंद ग्रामीणों को चरणबद्ध तरीके से काम उपलब्ध कराया जाएगा। यूनियन ने कंपनी प्रशासन से स्पष्ट मांग की है कि खनन क्षेत्र के आसपास के गांवों में कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत शिक्षा, चिकित्सा और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास सुनिश्चित किया जाए। नेताओं ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि खादान वर्षों से बंद होने के बावजूद टाटा स्टील द्वारा इलाके में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, और इसके लिए कंपनी प्रबंधन सराहनीय है। बैठक में झारखंड मजदूर यूनियन के बराईबुरु इकाई अध्यक्ष दिनबंधू पात्रो, सदस्य मधू सिंदू, दुलाल चंपिया, सुकराम सिंदू, लखन चंपिया, पंकज चंपिया सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
THE BBN POST – Hunt Fearlessly. Strike Mercilessly.
